Tuesday, 25 August 2015

भारत जल्दी ही चीन को पीछे छोड़ने की स्थिति में: स्वामी

वाशिंगटन, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमणियम स्वामी ने कहा है कि राजग सरकार के लिये सही कदम उठाकर मौजूदा चीन के आर्थिक संकट को अवसर में बदलने का एक मौका है। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा वित्तीय संकट का चीन के वैश्विक ‘सुपरपावर’ बनने तथा अमेरिकी डालर के एकाधिकार को चुनौती देते हुए यूआन को व्यवहारिक अंतरराष्ट्रीय मुद्रा बनाने के लक्ष्य पर जबर्दस्त प्रभाव पड़ेगा। स्वामी ने कहा, ‘‘यह (चीनी आर्थिक संकट) भारत के लिये एक अवसर है।’’
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने पूर्व में भविष्यवाणी की थी कि 2020 तक चीनी अर्थव्यवस्था धाराशायी हो जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि यह पांच साल पहले हो रहा है।’’ वह फिलहाल विभिन्न शहरों में व्याख्यान के लिये अमेरिका की यात्रा पर हैं। स्वामी ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि चीन में जो हो रहा है, यह संरचनात्मक विफलता है। चीन की पूरी आर्थिक प्रणाली कोई स्वदेशी प्रणाली नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम अगर सही कदम उठाते हैं, तो चीन को पीछे छोड़ने को लेकर हम मजबूत स्थिति में हैं।’’
भाजपा नेता ने रेखांकित किया कि चीन को आर्थिक संकट से उबरने में समय लगेगा, ऐसे में भारत के लिये जरूरी कदम उठाकर अपने पड़ोसी देश से आगे निकलने का समय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने आर्थिक सलाहकारों को हटाने का अनुरोध करते हुए स्वामी ने कहा कि उनके लिये जरूरी है कि वे पार्टी के भीतर गहन विचार विमर्श वाला सत्र आयोजित करे जिसमें उन्हें सही सलाह मिलेगी। उन्होंने देश में आर्थिक विकास को गति देने के लिये अन्य बातों के अलावा सरकार से ब्याज दर कम कर 9 प्रतिशत पर लाने तथा आयकर समाप्त करने का आह्वान किया।

बाबा रामदेव सीमा सुरक्षा बल के जवानों को सिखाएंगे योग

जैसलमेर> सीमाओं पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों के तनाव को कम करने के साथ उन्हें चुस्त दुरुस्त रखने के लिए योग गुरु बाबा रामदेव आगामी 11 से 13 सितंबर तक जैसलमेर से लगती भारत पाक सीमा क्षेत्र में तैनात बल के जवानों और अधिकारियों के बीच रहकर उन्हें न केवल योग, प्राणायाम सिखाएंगे वरन उन्हें लगातार योग के लिए प्रेरित भी करेंगे।
बीएसएफ के जवानों में बढ़ रहे तनाव व दिल के दौरे पड़ने की घटनाओं को देखते हुए सीमा सुरक्षा बल में योग प्राणायाम व खेल गतिविधियों को अनिवार्य कर दिया गया हैं। पंतजलि योगपीठ हरिद्वार के मुख्य केन्द्र प्रभारी डॉ. जयदीप आर्य ने पत्रकारों को बताया कि 11 सितम्बर को योग गुरु बाबा रामदेव जैसलमेर पहुंचेंगे तथा तीन दिन जैसलमेर में ही रहकर सीमा सुरक्षा बल परिसर में प्रात: 5.30 बजे से 7.30 बजे तक योग शिविर का आयोजन कर बल के जवानों को विपरीत परिस्थितियों में सीमा पर तैनात रहकर आने वाली शारीरिक व मानसिक कठिनाइयों से निजात दिलवाने का प्रयत्न करेंगे।
उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और जैसलमेर जिलों में छह दिन रहकर जवानों को योग प्राणायाम सिखाएंगे। उन्होंने बताया कि सीमा सुरक्षा बल परिसर में आयोजित इन योग शिविरों में स्थानीय लोगों को प्रवेश के लिए पंतजलि के चिकित्सा केन्द्र व आयुर्वेदिक केन्द्रों से उनको प्रवेश पत्र दिये जायेंगे। डॉ. आर्य ने बताया कि बाबा रामदेव जैसलमेर से लगती अन्तरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित तनोट माता के दर्शन करने भी जायेंगे। रामदेव इस दौरान जहां सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों व अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

मामले को हवा देने की रणनीति में नवाज, कहा- कश्मीरी नेता नहीं ‘तीसरा पक्ष’

इस्लामाबाद, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा है कि कश्मीरी अलगाववादी नेता ‘‘तीसरा पक्ष’’ नहीं हैं और भारत के साथ ऐसी कोई भी बातचीत प्रक्रिया निर्थक होगी जिसमें कश्मीर मुद्दा शामिल नहीं हो। शरीफ ने कल कैबिनेट की बैठक में कहा, ‘‘ कश्मीरी नेता तीसरा पक्ष नहीं हैं बल्कि इस मसले का एक महत्वपूर्ण पक्ष हैं। उनके भविष्य के बारे में कोई फैसला उनकी राय और विचार विमर्श के बिना नहीं हो सकता।’’ दि डॉन की एक खबर के अनुसार शरीफ ने कैबिनेट से कहा कि बिना कश्मीर मुद्दे के भारत के साथ कोई भी बातचीत निर्थक होगी।
शरीफ की इस टिप्पणी के कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तरीय वार्ता आखिरी वक्त में रद्द कर दी थी। भारत ने पाकिस्तान से यह प्रतिबद्धता जताने को कहा था कि वह कश्मीरी अलगाववादी नेताओं से मुलाकात नहीं करेगा। पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज ने शरीफ और कैबिनेट को वार्ता रद्द होने के संबंध में जानकारी दी। कैबिनेट ने देश की सुरक्षा स्थिति पर भी विचार विमर्श किया।

राम नाईक ने लोकायुक्त की नियुक्ति की फाइल फिर लौटाई

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में नये लोकायुक्त की नियुक्ति को लेकर राज्य सरकार और राज्यपाल राम नाईक के बीच जारी गतिरोध बरकरार है। राजभवन ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश रवीन्द्र सिंह यादव की नये लोकायुक्त के तौर पर नियुक्ति की सिफारिश सम्बन्धी फाइल आज पांचवीं बार भी लौटा दी। आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि लोकायुक्त की नियुक्ति को लेकर अखिलेश यादव सरकार द्वारा भेजे गये जवाब का दो दिन तक गहराई से परीक्षण एवं विधि विशेषज्ञों से सलाह-मशविरा करने के बाद राज्यपाल ने सम्बन्धित फाइल को सुबह फिर राज्य सरकार को लौटा दिया। हालांकि यह तत्काल पता नहीं लग सका है कि राज्यपाल ने फाइल पर उसे लौटाने का क्या कारण लिखा है।
नाईक ने पिछली बार फाइल लौटाते वक्त कहा था कि ऐसा लगता है कि इस नियुक्ति की सिफारिश के लिये मुख्यमंत्री, उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की समिति की बैठक में सहमति लेने की औपचारिकता नहीं पूरी की गयी है। राज्यपाल ने यह भी कहा था कि मुझे लोकायुक्त संबंधी फाइल एक ही नाम की सिफारिश करते हुए मिली है। राज्य सरकार इससे पहले भी लोकायुक्त के तौर पर रवीन्द्र सिंह यादव की नियुक्ति सम्बन्धी फाइल चार बार राज्यपाल के पास भेज चुकी है, जिसे नाईक ने हर बार लौटा दिया था।

मिले-जुले वैश्विक रुझान के बीच बाजार भारी उतार-चढ़ाव की गिरफ्त में

मुंबई, सेंसेक्स, कल की रिकार्ड गिरावट के बाद आज सुबह मजबूती के साथ खुला और कुछ की मिनटों में इसमें 383 अंक की उछाल दर्ज हुई लेकिन जल्दी ही बाजार सुबह के कारोबार में भारी उतार-चढ़ाव की गिरफ्त में आ गया। सूचकांक भारी उतार-चढ़ाव के बीच नकारात्मक दायरे में आ गया लेकिन बाद में नौ बजकर 45 मिनट पर फिर से 120 अंक की तेजी के साथ 25,862 पर पहुंच गया। इसी तरह नैशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 38.60 अंक की उछाल के साथ 7,847.60 पर पहुंच गया हालांकि इससे पहले शुरआती कारोबार में यह 7,801 के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया।
चीन के बाजार में गिरावट जारी रहने के बावजूद भारतीय बाजारों में निचले स्तर पर लिवाली बढ़ने से सेंसेक्स में 383 अंक की उछाल दर्ज हुई और निफ्टी से फिर से 7,900 का स्तर छुआ। कारोबारियों ने कहा कि अन्य एशियाई बाजारों में सुधार से यहां बाजारों का रझान प्रभावित हुआ।

सहमति पत्रों पर कैबिनेट की मंजूरी लेने में देरी, पीएम नाराज

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंत्रालयों द्वारा आपसी सहमति ज्ञापनों (एमओयू) पर मंत्रिमंडल की मंजूरी लेने में की जा रही देरी पर नाराजगी जाहिर करते हुए आज कहा कि उन्हें एक महीने के भीतर विभिन्न देशों और प्रतिष्ठानों के साथ किये गये एमओयू का ब्योरा मंत्रिमंडल के सुपुर्द करना चाहिये। कैबिनेट सचिव प्रदीप कुमार सिन्हा ने हाल में केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों के सचिवों को जारी निर्देश में यह बात कही। इस साल जून में सभी मंत्रालयों के सचिवों को निर्देश दिया गया है कि वे सहमति-पत्रों पर हस्ताक्षर करने से पहले पूर्व स्वीकृति प्राप्त करें। उन्होंने कहा ‘‘अभी भी यह देखा जा रहा है कि एमओयू हस्ताक्षर होने के काफी समय निकल जाने के बाद एमओयू के बारे में केबिनेट नोट मंजूरी या जानकारी देने के लिए मंत्रिमंडल के समक्ष लाये जा रहे हैं।’’

बैंगलोर महानगर पालिका में भी बीजेपी की भारी जीत, पीएम ने ट्विट कर दी कार्यकर्ताओं को बधाई

बैंगलोर। बैंगलोर महानगर पालिका के चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है। भाजपा ने 100 सीटों पर जीत दर्ज की है, वहीं कांग्रेस ने 76, जेडीएस ने 16 और अन्य दलों को आठ सीटें हासिल हुईं। पीएम ने ट्विट कर दी कार्यकर्ताओं को बधाई है। इस जीत के साथ ही पीएम ने ट्विट में इसे राजस्थान और मध्य प्रदेश के बाद जीत की हैट्रिक बताया है। पीएम ने कहा कि विकास की राजनीति की जीत है। साल 2013 में सत्ता में वापसी करने के बाद कर्नाटक में सत्ताधारी कांग्रेस और उसके मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को मंगलवार को बैंगलोर नगरपालिका चुनाव परिणामों ने बड़ा झटका दिया। शनिवार को नगरपालिका के लिए हुए मतदान में 50 फीसदी से कम वोटरों ने अपने वोट डाले थे। शहर में बढ़ती गंदगी और पानी की कमी, बदहाल सड़कों की वजह से गुस्साए मतदाता वोटिंग से दूर रहे। शायद ऐसा यह संदेश देने के लिए ही कहा गया कि अगर काम ठीक से नहीं किया गया तो उन्हें ऐसी ही नाराजगी झेलनी पड़ेगी।