Showing posts with label राष्ट्रीय उजाला. Show all posts
Showing posts with label राष्ट्रीय उजाला. Show all posts

Saturday, 22 August 2015

जन्म आधारित नागरिकता के विरोध में ट्रम्प के साथ आए जिंदल

वाशिंगटन, राष्ट्रपति पद की रिपब्लिकन उम्मीदवारी के दावेदार बॉबी जिंदल ने अमेरिका में अवैध प्रवासियों से जन्मे बच्चों के लिए जन्म आधारित नागरिकता खत्म करने के रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रम्प के आह्वान का समर्थन किया है। अवैध प्रवासियों के नकारात्मक आर्थिक परिणाम बताते हुए रियल-इस्टेट उद्यमी और राष्ट्रपति पद की रिपब्लिकन उम्मीदवारी के अग्रणी दावेदार ट्रम्प ने इससे निपटने के लिए कठोर योजना का खुलासा किया जिसके एक दिन बाद जिंदल ने ट्वीट किया, ‘‘अवैध प्रवासियों के लिए जन्म आधारित नागरिकता खत्म करने की जरूरत है।’’ चुनाव पूर्व की जाने वाली अधिकतर रायशुमारी में जिंदल निचले पायदान पर हैं और सीएनएन के हालिया सर्वेक्षण में उन्हें एक प्रतिशत से भी कम समर्थन मिला। दिलचस्प है कि स्वयं जिंदल का जन्म उनकी गर्भवती मां के भारत से अमेरिका आने के तीन महीनों बाद हुआ था।
बहरहाल, लुईसियाना के 44 वर्षीय गवर्नर ने इस बात को स्पष्ट किया कि उनके माता पिता ‘‘देश में वैध रूप से’’ आए थे। कल ओहियो के कोलंबस में ‘कंजर्वेटिव अमेरिकंस फॉर प्रॉसपरिटी’ की ओर से आयोजित एक समारोह में बोलते हुए जिंदल ने कहा, ‘‘संस्कृति आत्मसात किए बिना आप्रवास हमले के समान है’’ और उन्होंने दावा किया कि अमेरिका का राष्ट्रपति बनने पर वह छह सप्ताह के अंदर मेक्सिको से सटी दक्षिणी सीमा को सुरक्षित कर सकते हैं।

ताज महल का झाड़ फानूस गिरा, एएसआई ने शुरू की जांच

आगरा :उप्र:, विश्व के सात अजूबों में शामिल ताज महल के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगा ब्रिटिश काल का 60 किलोग्राम वजन का एक झाड़ फानूस हाल में गिर गया और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण : एएसआई: ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है। सूत्रों ने बताया कि छह फुट उंचे और चार फुट चौड़े इस झाड़ फानूस को लॉर्ड कर्जन ने भेंट किया था और इसे 1905 में ताज महल के शाही द्वार पर लगाया गया था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एएसआई के अधीक्षण पुरातत्वविद भुवन विक्रम के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है कि झाड़ फानूस किस वजह से गिरा लेकिन सूत्रों ने बताया कि संभवत: पुराना हो जाने के कारण वह गिर गया। एक टूरिस्ट गाइड वेद गौतम ने कहा, ‘‘सौभाग्य की बात है कि उस समय कोई वहां आस-पास नहीं था, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।’’ आगरा के एएसआई प्रमुख भुवन विक्रम सिंह ने गत गुरवार को कहा था कि झाड़ फानूस की अच्छी तरह से जांच करने और उसकी मौजूदा स्थिति को देखने के बाद ही उसे फिर से लगाने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। इस बीच कुछ टूरिस्ट गाइड ने एएसआई अधिकारियों पर ‘‘घोर लापरवाही’’ बरतने का आरोप लगाया है और स्मारक की कलाकृतियांे की देख-रेख में उनकी विशेषज्ञता पर सवाल उठाया है।

उमर की सलाह, एनएसए स्तर की वार्ता इस्लामाबाद में हो 0

श्रीनगर, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज सलाह दी कि पाकिस्तान की ‘‘चाल’’ को विफल करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार :एनएसए: स्तर की वार्ता का आयोजन स्थल दिल्ली से बदलकर इस्लामाबाद कर दिया जाना चाहिए । उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘यहां एक विचार है- चूंकि दोनों देश बात करने को उत्सुक हैं तो भारतीय एनएसए पाकिस्तान की चाल को विफल क्यों नहीं करते और आयोजन स्थल बदलकर इस्लामाबाद क्यों नहीं करते।’’ उमर की सलाह तब आई है जब पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज की यात्रा के दौरान हुर्रियत नेताओं से उनकी प्रस्तावित मुलाकात के मुद्दे पर भारत और पाकिस्तान दोनों ही अपने-अपने रूख पर अड़े हैं ।
अजीज का कल दिल्ली आने का कार्यक्रम है ।
भारत ने कहा है कि अजीज की यात्रा के दौरान अलगाववादियों से उनकी मुलाकात रूस के उफा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ के बीच हुई सहमति की भावना के अनुरूप नहीं है ।
दोनों नेता आतंकवाद से संबंधित मुद्दों पर चर्चा के लिए दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच बैठक करने पर सहमत हुए थे ।

बिहार का DNA दिखाती है फिल्म ‘मांझी – द माउंटेन मैन’: शत्रुघ्न सिन्हा

पटना : अभिनेता-नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने बिहार में उनकी पैतृक भूमि गया के एक मजदूर दशरथ मांझी की जीवनगाथा पर आधारित फिल्म ‘मांझी – द माउंटेन मैन’ की आज तारीफ की। गया जिले से आने वाले सिन्हा ने ट्वीट किया, गया की मिट्टी के इस सपूत की प्रेरक कहानी पर गर्व है जो मेरे पूर्वजों की भूमि है। सिन्हा ने कहा, बिहारी अस्मिता और बिहार के एक सपूत के वास्तविक, मजबूत डीएनए पर आधारित यह एक डाइनेमिक, मूल और सामयिक फिल्म है। कल रिलीज हुई फिल्म को बिहार में कर मुक्त करने की नीतीश कुमार सहित राज्य सरकार के फैसले की उन्होंने प्रशंसा की। अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न ने इसके अलावा फिल्म सितारों – नवाजुद्दीन सिद्दीकी और अभिनेत्री राधिका आप्टे की भी सराहना की।
हिंदी और अन्य भाषाओं की 200 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके सिन्हा ने ट्वीट किया, बेहद नैसर्गिक कलाकार नवाजुद्दीन सिद्दीकी इस सदी की खोज हैं और अभिनेत्री राधिका आप्टे तो बहुत प्यारी और तारीफ के काबिल हैं। मैं इस फिल्म की अभूतपूर्व सफलता की कामना करता हूं। ‘मांझी – द माउंटेन मैन’ गया जिले में गेहलौर गांव के एक गरीब मजदूर दशरथ मांझी के जीवन पर आधारित है, जिन्हें ‘माउंटेन मैन’ के तौर पर भी जाना जाता है।
अपनी पत्नी की याद में उन्होंने महज एक हथौड़ा और छेनी से पहाड़ को काटकर अकेले दम सड़क बना डाली। चिकित्सकीय उपचार के अभाव में उनकी पत्नी की मौत हो गई, क्योंकि पहाड़ी इलाका होने के कारण वह उन्हें समय पर उपचार के लिए अस्पताल नहीं ले जाए। किसी और को ऐसी बेबसी की मौत न मरना पड़े इसलिए मांझी ने पहाड़ को चीरकर सड़क बना डाली। सिन्हा ने जीवनी आधारित इस फिल्म के निर्देशक केतन मेहता की भी सराहना की।

पाक NSA से मिलने दिल्‍ली पहुंचे कश्‍मीरी अलगाववादी शब्‍बीर शाह हिरासत में लिए गए

नई दिल्‍ली/श्रीनगर : भारत-पाकिस्तान NSA के बीच 23-24 अगस्त को होने वाली वार्ता के खटाई में पड़ने के आशंका बीच अलगाववादी नेता शब्‍बीर शाह को दिल्‍ली एयरपोर्ट पहुंचने पर हिरासत में ले लिया गया। उनके साथ दो अन्‍य लोग भी हिरासत में लिए गए हैं। शब्‍बीर पाकिस्‍तान के राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार से मुलाकात के लिए दिल्‍ली आए थे।
श्रीनगर से दिल्‍ली के लिए रवाना होने से पहले शब्‍बीर शाह ने कहा था, ‘मैं दिल्‍ली के लिए रवाना हो रहा हूं। कल नई दिल्‍ली स्थित पाकिस्‍तान हाउस में रिसेप्‍शन है और वहां हमारी मुलाकात पाकिस्‍तान के राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज से होगी। यह बातचीत काफी अहम है। लिहाजा, बातचीत जारी रहनी चाहिए। भारत और पाकिस्‍तान के बीच कई मुद्दे हैं। भारत सरकार आतंकवाद के मुद्दे पर बातचीत के लिए कह रही है, लेकिन मुख्‍य मुद्दा कश्‍मीर है।’
दरअसल, भारत इस वार्ता से पहले और बाद में हुर्रियत लीडर्स के पाकिस्‍तान NSA की बातचीत को लेकर सख्‍त है। पाकिस्तान हुर्रियत नेताओं से बातचीत और कश्मीर मुद्दे पर चर्चा की जिद पर अड़ा है, जबकि भारत ने साफ़ कर दिया है कि दोनों देशों के बीच सिर्फ़ आतंकवाद के मुद्दे पर बात होगी और किसी तीसरे पक्ष का दख़ल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हालांकि दोनों देशों में से किसी ने भी अभी वार्ता रद्द करने की बात नहीं की है, लेकिन दोनों एक दूसरे की शर्तों के साथ बात न करने पर अड़े हुए हैं। इस तनातनी के बीच संयुक्त राष्ट्र ने भारत-पाकिस्तान की प्रस्तावित बातचीत को ज़रूरी बताया है। जानकारी आ रही है कि पाकिस्तानी NSA सरताज अजीज़ आज दोपहर इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे।

अजीज ने प्रेस वार्ता कर भारत पर ही मढ़े सवाल, आतंकवाद मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश

भारत-पाकिस्तान वार्ता पर पाकिस्तान के एनएसए सरताज अजीज ने फिर से कश्मीर राग अलापते हुए कहा कि दोनों देशों के लिए कश्मीर बेहद अहम मुद्दा है। अजीज पर भारत पर ही आरोप मढ़ते हुए कहा कि भारत इस बातचीत के लिए शर्तें रख रहा है। अजीज ने हुर्रियत नेताओं से न मिलने पर भी सवाल उठाया, लेकिन दूसरी तरफ ये कहा कि हम उफा में बनी साझा समझ से पीछे नहीं हट रहे हैं। पाकिस्तान ने आतंकवाद पर ध्यान भटकाने की कोशिश करते हुए कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद के पीछे रॉ का हाथ है, और इसके सबूत भी हैं।

दाउद के बारे में मिले अकाट्य सबूत, पाकिस्तान को उसे हमें सौंप देना चाहिए : भाजपा

नयी दिल्ली, दाउद इब्राहिम के पाकिस्तान में होने का दावा करने वाली एक नई रिपोर्ट को ‘‘अकाट्य प्रमाण’’ बताते हुए भाजपा ने आज कहा कि पाकिस्तान को उसे भारत को सौंप देना चाहिए लेकिन कांग्रेस ने इस रिपोर्ट को अधिक तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने भी पाकिस्तान के साथ इसी प्रकार के सबूत साझा किए हैं और यह रिपोर्ट जमीनी स्तर पर तथ्यों में कोई बदलाव नहीं करती है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता एम वेंकैया नायडू ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पाकिस्तान ने हमेशा इस बात को नकारा है कि दाउद इब्राहिम वहां रह रहा है। हमने अब दुनिया के सामने सबूत रख दिया है। पाकिस्तान को यह समझना चाहिए और उसे तत्काल भारत को सौंप देना चाहिए।’’ भाजपा के सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि यह रिपोर्ट पाकिस्तान में दाउद के मौजूद होने का एक ‘‘अकाट्य प्रमाण’’ है और अब वह अधिक समय तक इससे इनकार नहीं कर सकता।
हालांकि कांग्रेस और यहां तक कि भाजपा के सहयोगी दल शिवसेना ने भी इस रिपोर्ट को खास अहमियत नहीं दी और कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है। इस रिपोर्ट में दाउद की हालिया फोटो के साथ उससे जुड़ी जानकारी है।

Friday, 21 August 2015

शिकागो के जाने माने कला संग्रहालय में भगवान कृष्ण के चित्रों की प्रदर्शनी

वाशिंगटन, शिकागो के एक जाने माने कला संग्रहालय में भगवान कृष्ण के चित्रों की एक श्रृंखला प्रदर्शित की जाएगी जिसमें भारत की इस प्रकार की चित्रकारी का दुर्लभ संग्रह भी शामिल है। मीडिया में जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार आर्ट इंस्टीट्यूट म्युजियम ऑफ शिकागो में 13 सितंबर से तीन जनवरी 2016 तक ‘‘गेट्स ऑफ द लार्ड: द ट्रेडिशन ऑफ कृष्ण पेंटिंग्स’’ शीषर्क के तहत भारत और अमेरिका की 100 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी।

संग्रहालय ने कहा, ‘‘गेट्स ऑफ लार्डस के तहत भारत में मुख्य रूप से दो बड़े निजी संग्रहों अमित अंबालाल संग्रह :अहमदाबाद: और तापी संग्रह :सूरत: से उधार लिए गए ऐतिहासिक फोटो, चित्रकारी और पिछवाई का प्रदर्शन किया जाएगा। संग्रहालय ने कहा, ‘‘ उधार ली गई इन दुर्लभ कलाकृतियांे के अलावा अमेरिका में भी कई सार्वजनिक और निजी संग्रहों की महत्वपूर्ण कलाकृतियां इसमें दिखाई जाएगी जिसमें आर्ट इंस्टीट्यूट का अपना स्थायी संग्रह भी शामिल है। इस प्रदर्शनी के जरिए पुष्टिमार्ग कला और परंपरा की समृद्ध संभावित कहानी को पेश किया जाएगा।’’ ऐसा बताया जा रहा है कि यह पश्चिमी भारत के हिंदू संप्रदाय पुष्टिमार्ग की अनूठी दृश्यात्मक संस्कृति दिखाने वाली पहली अमेरिकी प्रदर्शनी होगी। इस प्रदर्शनी के मुख्य प्रायोजक उद्योगपति मुकेश अंबानी, उनकी पत्नी नीता और रिलायंस फाउंडेशन है।

अमित शाह 40 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे, सीआरपीएफ ने निकाला



पटना, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और तीन वरिष्ठ नेता करीब 40 मिनट तक यहां राजकीय गेस्ट हाउस में लिफ्ट में फंसे रहे जिसके कारण सुरक्षाकर्मियों और पार्टी के अधिकारियों को काफी परेशानी की स्थिति का सामना करना पड़ा । बाद में सीआरपीएफ ने शाह एवं अन्य लोगों को बाहर निकाला।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडे ने कहा, ‘‘ कल रात साढे ग्यारह बजे लिफ्ट दो मंजिलों के बीच फंस गई और इसके धातु का दरवाजा जाम हो गया। ऐसी आपात स्थिति से निपटने में कोई लिफ्ट परिचालक या व्यक्ति सक्षम नहीं था। लिफ्ट में फंसे लोगों का मोबाइल भी रेंज से बाहर प्रदर्शित हो रहा था।’’ यह घटना तब घटी जब शाह, राज्य के प्रभारी भूपेन्द्र यादव, सचिव नागेन्द्रजी और महासचिव सुदान सिंह एवं सुरक्षाकर्मियों के साथ राजकीय गेस्ट हाउस में भूतल से पहली मंजिल पर जा रहे थे ।
शाह समेत लिफ्ट में फंसे लोगों को सीआरपीएफ कर्मियों ने बचाया जो वहां जेड प्लस सुरक्षा कवर के हिस्से के तौर पर वहां मौजूद थे। इन्हें स्टील के दरवाजे को तोड़कर शाह एवं उसमें फंसे अन्य नेताओं को बाहर निकालना पड़ा।

उपहार अग्निकांड : कानूनी राय लेगी दिल्ली सरकार



नयी दिल्ली, दिल्ली सरकार ने आज कहा कि वह उपहार अग्निकांड पीड़ितों के परिजन की 60 करोड़ की उस राशि को ठुकराने की मांग पर कानूनी राय लेगी जिसे उच्चतम न्यायालय ने अंसल बंधुओं को जुर्माने के तौर पर भरने का आदेश दिया है। एसोसिएशन ऑफ विक्टिम्स ऑफ उपहार ट्रेजेडी :एवीयूटी: के तीन सदस्यों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से आज यहां मुलाकात की जिसके बाद दिल्ली सरकार ने यह कहा। एवीयूटी के सदस्यों ने 30 मिनट तक चली इस बैठक में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वह 60 करोड़ रपए की उस राशि को ठुकरा दें जिसे अंसल बंधुओं द्वारा दिल्ली सरकार को दिए जाने का आदेश दिया गया है और मानव निर्मित त्रासदी के मामलों में सजा देने के लिए कड़े कानून बनाए।
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ दिल्ली सरकार 60 करोड़ की उस राशि को ठुकराने की उनकी मांग पर कानूनी राय लेगी जो अंसल बंधुओं द्वारा दिल्ली सरकार को देने का आदेश दिया गया है। उसने मानव निर्मित आपदाओं के मामले में कड़ी सजा देने के लिए कानून बनाने के उपहार अग्निकांड पीड़ितों के परिजन का सुझाव सैद्धांतिक रूप से स्वीकार कर लिया है।’’ सूत्रों के अनुसार सदस्यों ने यह भी मांग की कि सरकार को अंसल बंधुओं के धन का इस्तेमाल करके उपहार त्रासदी पीड़ितों के लिए ट्रॉमा सेंटर का निर्माण नहीं करवाना चाहिए।

दूसरे, चौथे शनिवार को बैंकों में रहेगा अवकाश


नयी दिल्ली, बैंक के लाखों कर्मचारियों के लिये अच्छी खबर है। सरकार ने बैंक कर्मचारियों की माह के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश घोषित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार कर लिया है। ऑल इंडिया बैंक इंप्लायज एसोसिएशन :एआईबीईए: के महासचिव सी एच वेंकटचलम ने पीटीआई भाषा से कहा, ‘‘शनिवार को अवकाश के बारे में अधिसूचना आ गयी है।’’ फिलहाल सार्वजनिक क्षेत्र एवं निजी क्षेत्र के बैंकों में शनिवार को आधे दिन काम होता है। उन्होंने कहा, ‘‘यह स्वागत योग्य कदम है। इससे कर्मचारियों के लिये बड़ी राहत होगी और मुझे उम्मीद है कि इससे कर्मचारियों की उत्पादकता सुधरेगी।’’ अगर महीने में पांच शनिवार होंगे, तो बैंक केवल दूसरे और चौथे शनिवार को ही बंद होंगे।

सरकारी बैंकों का एनपीए कम करने के हर संभव प्रयास : जेटली


नयी दिल्ली, वित्त मंत्री अरण जेटली ने आने वाली तिमाहियों में फंसे कर्ज यानी एनपीए की स्थिति में सुधार की उम्मीद जताते हुए आज कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में एनपीए का मौजूदा स्तर अस्वीकार्य है और इसे ठीक करने के हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा ‘‘एनपीए इस समय जिस स्तर पर है वह अस्वीकार्य है। एनपीए के इस स्तर पर पहुंचने की वजह आंशिक तौर पर असावधानी बरतने, आंशिक तौर पर निष्क्रियता और अर्थव्यवस्था के कुछ क्षेत्रांे में उपजी चुनौतियों का होना है। अर्थव्यवस्था के इन क्षेत्रों में बैंकों के उंचे एनपीए से यह स्पष्ट है।’’ जेटली आज यहां इंडियन बैंक के स्थापना दिवस के मौके पर 109 नई शाखाओं और 109 एकमुश्त नोट स्वीकार :बीएनए: मशीनों के उद्घाटन के मौके पर बोल रहे थे।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का मार्च तिमाही के अंत तक सकल एनपीए 5.20 प्रतिशत रहा जो कि उससे पहले दिसंबर में 5.63 प्रतिशत था। उन्होंने कहा ‘‘वित्तीय स्थिति ठीक करने और एनपीए घटाने के लिए हर तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। बैंक प्रशासन कोशिश कर रहा है, सरकार और पूंजी डालने की कोशिश कर रही है, सरकारी हिस्सेदारी के विनिवेश के जरिए और धन जुटाने की कोशिश हो रही है। फिर ज्यादा सावधानी और विभिन्न दबाव वाले क्षेत्रों की मुश्किलों को दूर करने करने का प्रयास हो रहा है।’’ उन्होंने कहा ‘‘मुझे संदेह नहीं है अगली कुछ तिमाहियों में बैंक ऐसी चुनौतियांे से निपटने में कामयाब होंगे।’’ वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार की अगले चार साल में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में पूंजी डालने की योजना से इन बैंकों में एनपीए की समस्या से निपटने की वित्तीय ताकत आ जाएगी।

दिल्ली में नजरबंद हो सकते हैं अलगाववादी, पाकिस्तान ने कहा- भारत की नहीं सुनेंगे


नई दिल्ली. भारत-पाकिस्तान के NSA की 23-24 अगस्‍त को तय मीटिंग खतरे में लग रही है। दोनों देशों के बीच तल्खी भी बढ़ गई। अलगाववादी नेताओं से मुलाकात पर पाकिस्‍तान अड़ा है। उसने कहा है, ‘वह भारत की नहीं सुनेगा। डिप्लोमैसी में उसे शर्त नहीं चाहिए। वह भारत से ‘डिक्टेशन’ नहीं लेगा। तय शेड्यूल के मुताबिक अलगाववादियों से उसकी रविवार को ही मुलाकात होगी।’ वहीं भारत ने उसे साफ कह दिया है कि अगर पाकिस्तान के NSA सरताज अजीज और दिल्ली स्थित हाई कमिश्नर अब्दुल बासित कश्मीरी अलगाववादियों से मिले तो ठीक नहीं होगा।
कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अजीज-बासित से मुलाकात करना चाह रहे कश्मीरी अलगाववादियों को दिल्ली आने पर नजरबंद किया जा सकता है या कश्मीर में ही उन्हें रोका जा सकता है। वहीं, NSA लेवल की बातचीत से पहले पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ ने आर्मी चीफ राहिल शरीफ और ISI चीफ रिजवान अख्तर के साथ मीटिंग की है। इससे बातचीत में पाकिस्तानी आर्मी और आईएसआई का एजेंडा हावी रहने के आसार हैं।
NSA बातचीत को लेकर भारत सरकार अपने पत्ते नहीं खोल रही है जबकि टॉप लेवल पर इस बारे में स्ट्रेटजी तैयार की जा चुकी है। भारत सरकार ‘लास्ट मिनट डेवलपमेंट्स’ को लेकर खास तौर पर सतर्क है। माना जा रहा है कि अगर हुर्रियत लीडर्स पाक NSA से मुलाकात पर अड़े रहे तो उन्हें या तो कश्मीर में ही रोक लिया जाएगा या फिर दिल्ली पहुंचने पर हिरासत में ले लिया जाएगा। बातचीत को लेकर केवल विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ब्रीफ कर रहे हैं। होम मिनिस्टर राजनाथ सिंह और NSA अजीत डोभाल अब तक कुछ नहीं बोले हैं।
भारत ने पाकिस्तान को मैसेज भिजवाया है कि उसके NSA सरताज अजीज जब बातचीत के लिए भारत आएं तो उन्हें हुर्रियत नेताओं से मुलाकात नहीं करनी चाहिए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने शुक्रवार को अपने टवीट्स में इसकी जानकारी दी। भारत ने कहा है कि अजीज का हुर्रियत नेताओं से मिलना ठीक नहीं होगा।
पाकिस्तानी हाई कमीशन ने 23 अगस्त की शाम हुर्रियत नेताओं को बातचीत के लिए बुलाया था। भारत इससे खफा है। भारत ने कहा है कि हुर्रियत नेताओं से पाकिस्तानी NSA की बातचीत ऊफा (रूस) में दोनों देशों के पीएम के बीच हुए समझौते के खिलाफ है। इस मीटिंग में तय हुआ था कि दोनों देश अपने आतंकवाद और दूसरे मसलों को आपसी बातचीत से सुलझाएंगे।
 इस्लामाबाद में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता काजी खलीलुल्लाह ने कहा है कि पाकिस्तान, कश्मीरी लोगों से बातचीत जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि यह पुरानी परंपरा है कि पाकिस्तानी हाईकमीशन अलगाववादी नेताओं को बुलाता रहा है। इनसे राय-मशविरा होता रहा है। अलगाववादी नेता शब्बीर शाह ने भी कहा कि वह अपने डेलीगेशन के साथ शनिवार को दिल्ली पहुंचेंगे और रविवार को सरताज अजीज से मुलाकात करेंगे।

अण्णा हजारे को Z+ सुरक्षा, दाभोलकर जैसा हाल करने की मिली थी धमकी 0

मुंबई: सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे को धमकी भरा दूसरा पत्र मिलने के बाद उन्‍हें जेड प्‍लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। महाराष्‍ट्र सरकार ने खुद यह जानकारी दी। अन्‍ना को मिली धमकी के बाद इस संदर्भ में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। दरअसल, हजारे के सहयोगी दत्ता आवरी ने पारनेर से बताया, पत्र में लातूर के रहने वाले महादेव पांचाल का नाम लिखा हुआ है और इसे उस्मानाबाद से भेजा गया है। दस दिनों पहले भी हजारे को धमकी भरा पत्र मिला था, जिसमें कहा गया था कि अगर उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से खुद को अलग नहीं किया गया तो ‘उन्हें पीटा जाएगा।’पारनेर के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भादंसं की धारा 506 के तहत अहमदनगर जिले के पारनेर थाने में मामला दर्ज कराया गया था।

अधिकारी ने कहा, पत्र पर 7 अगस्त की तारीख लिखी हुई थी और यह मुख्यत: अंग्रेजी में लिखा हुआ है। पत्र में हजारे को चेतावनी दी गई कि उनका हश्र भी नरेन्द्र दाभोलकर की तरह होगा जिनकी दो वर्ष पहले पुणे में हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने कहा कि पत्र में गांधीवादी नेता से अपने गांव रालेगण सिद्धि में ही रहने को कहा गया है।

Thursday, 20 August 2015

भारत में आस्ट्रेलिया के शिक्षा दूत होंगे गिलक्रिस्ट

मेलबर्न, भारत के साथ शिक्षा संबंधों को मजबूत बनाने की कवायद में आस्ट्रेलिया ने आज एडम गिलक्रिस्ट को भारत में देश का पहला शिक्षा दूत नियुक्त किया । आस्ट्रेलिया के शिक्षा और प्रशिक्षण मंत्री क्रिस्टोफर पाइने ने 24 अगस्त को भारत आस्ट्रेलिया शिक्षा परिषद की तीसरी बैठक से पहले यह जानकारी दी । उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि एडम गिलक्रिस्ट पहले आस्ट्रेलिया भारत शिक्षा दूत होंगे । वह दोनों देशों में द्विपक्षीय शिक्षा संबंध मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठायेंगे ।’’

भारत की पाकिस्तान को चेतावनी, हुर्रियत नेताओं से मिले तो खैर नहीं

दिल्ली में एनएसए स्तर की बैठक से पहले पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेताओं को बातचीत के लिए बुलाया है। भारत ने पड़ोसी देश के इस रुख पर नाराजगी जताई है। साथ ही चेतावनी दी, अगर पाक एनएसए सरताज अजीज और उच्चायुक्त अब्दुल बासित अलगाववादी नेताओं से मिलते हैं, तो हम करारा जवाब देंगे।
भारत में पाक उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने मंगलवार शाम हुर्रियत नेताओं को फोन कर सरताज अजीज को दिए जाने वाले भोज में आने का न्योता दिया। अजीज 23 अगस्त की शाम को हुर्रियत नेताओं से मुलाकात करेंगे। हुर्रियत नेताओं में सैयद अली शाह गिलानी और मीरवाइज उमर फारुख शामिल हैं। हुर्रियत प्रवक्ता अयाज अकबर ने कहा, भारत के साथ बातचीत फिर से शुरू करने से पहले पाकिस्तान अलगाववादियों का रुख जानना चाहता है। बुधवार को अलगाववादी नेताओं ने मुहर लगाई कि वे पाक एंबेसी जाएंगे और अजीज और बासित से मुलाकात करेंगे।
एनएसए स्तर की बैठक से पहले बदलते पाक के इस रुख पर भारतीय अफसर नजर बनाए हुए हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सरकारी सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान द्वारा अलगाववादियों को न्योता देना हमें उकसाने की एक और कोशिश है। भारत इसे स्वीकार नहीं करेगा। पाक सरकार के अंदर कुछ लोग हैं जो भारत-पाक बातचीत को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।
एनएसए स्तर की बैठक से पहले ही पाकिस्तान ने कश्मीर मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र (यूएन) सुरक्षा परिषद के सामने उठा दिया है। यूएन में पाक प्रतिनिधि मलीहा लोधी ने कहा- यूएन में फलस्तीन और मिडिल ईस्ट की ही तरह जम्मू-कश्मीर का मसला सुलझाने की काबिलियत है।

उपहार मामले में सीबीआई की अपील उच्चतम न्यायालय में खारिज

नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने आज सीबीआई की उस अपील को खारिज कर दिया, जिसमें एजंेसी ने अतिरिक्त 15 मिनट सुनवाई करने का अनुरोध किया था ताकि वर्ष 1997 के उपहार अग्निकांड मामले में सजा के परिमाण के बारे में छूट गए बिंदुओं पर दलीलें पेश की जा सकें। अपनी अपील में सीबीआई ने कहा था कि इस मामले में दोषी ठहराए गए और रियल एस्टेट के दिग्गज सुशील और गोपाल अंसल 30-30 करोड़ रूपए का जुर्माना भरकर तीन महीने में ही आगे की कैद से बच निकलने में कामयाब रहे।
न्यायाधीश ए आर दवे की अध्यक्षता वाली तीन न्यायाधीशों की पीठ ने कहा, ‘‘यह उचित नहीं होगा। हम पहले ही आदेश जारी कर चुके हैं।’’ इस मामले में सीबीआई का पक्ष रखने वाले वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने मामले से जुड़े कुछ बिंदुओं पर और दलीलें रखने के लिए 15 मिनट का समय मांगा था। साल्वे ने कहा, ‘‘मैं वर्ष 2000 से जनहित की खातिर इस मामले की वकालत कर रहा हूं। कृपया हमें आज दोपहर तीन बजकर 45 मिनट से चार बजे तक 15 मिनट का समय दें। यदि अदालत सहमत न हो पाए तो हमें भले ही बाहर कर दिया जाए।’’

अदालत ने कोयला घोटाला मामले में विजय दर्डा और पांच अन्य की जमानत मंजूर की

नयी दिल्ली, कोयला घोटाला मामले में एक विशेष अदालत ने राज्यसभा सांसद विजय दर्डा, उनके पुत्र देवेंद्र दर्डा और पूर्व कोयला सचिव एच सी गुप्ता समेत पांच अन्य लोगों को आज जमानत दे दी। यह मामला छत्तीसगढ में फतेहपुर :पूर्वी: कोयला ब्लॉक के आवंटन में कथित अनियमितताओं से संबंधित है। सीबीआई की विशेष अदालत के न्यायाधीश भरत पाराशर ने जिन अन्य आरोपियों की जमानत मंजूर की है, उनमें दो वरिष्ठ लोक सेवक.. के एस क्रोफा एवं के सी सामरिया तथा कारोबारी मनोज कुमार जायसवाल शामिल हैं।
अदालत ने आरोपियों को एक-एक लाख रपए के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की जमानत पर यह राहत दी है। अदालत ने आरोपी फर्म मेसर्स जेएलडी यवतमाल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को फतेहपुर :पूर्वी: कोयला ब्लॉक आवंटन के मामले में आरोपियों को समन जारी किए थे जिसके मद्देनजर आरोपी अदालत में पेश हुए थे। सीबीआई ने अदालत में कहा कि वह सभी आरोपियों को आज दस्तावेजों की प्रति दे देगी जिसके बाद अदालत ने मामले की आगे की सुनवाई के लिए 10 सितंबर की तारीख तय की। अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धाराओं 120 बी : आपराधिक षड़यंत्र: 409 : :लोकसेवक द्वारा विश्वास का आपराधिक उल्लंघन: के साथ पढा जाए : और 420 :धोखाधड़ी: तथा भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत समन जारी किए थे।

अब आपकी भावनाओं के मुताबिक एप भेजेगा आपका संवाद

app
लंदन : अगर आप अपनी नाराज प्रेमिका को मनाने के लिए कॉल करना या मैसेज भेजना नहीं चाहते और उसे और नाराज किए बिना अपनी भावनाएं व्यक्त करना चाहते हैं तो किसी गीत का छोटा सा क्लिप भेजना ज्यादा असरदार हो सकता है। एक समाचारपत्र के अनुसार एक नया मोबाइल ऐप एमएसटीवाय (माय सांग टू यू) इसी तरह की सुविधा प्रदान करता है, और अपने उपयोगकर्ताओं को फोटो, लिखित संदेश के साथ नए-नए लोकप्रिय गानों की 18 सेकेंड की क्लिप भेजने की सुविधा देता है।
ब्रिटिश कंपनी ने इस ऐप को 155 देशों में जारी किया है, जिसमें उपयोगकर्ताओं के लिए 2,000 गानों की क्लिप मुहैया कराई गई है। यह ऐप कम्प्यूटर के एल्गोरिदम की बजाय मानवीय भावनाओं के अनुरूप किसी गीत के सबसे भावुक 30 सेकेंड की क्लिप को लिया गया है। ऐप में गानों की क्लिप को उनके मूड या जॉनर जैसे जश्न, उमंग, उत्साह, पॉप हिट्स के अनुसार विभिन्न वर्गो में विभाजित किया गया है।
उपभोक्ता 2,000 गानों की क्लिप को उनकी कैटेगरी के अनुसार अलग-अलग लिस्ट में से ब्राउज कर सकते हैं। कंपनी के संस्थापक ग्रांट बोवी के अनुसार, फिल्म से लेकर टेलीविजन और विज्ञापन तक लोग संगीत को हमेशा प्रभावशाली माध्यम के रूप में प्रयोग करते रहे हैं। आप अपनी उसी भावना को गीतों के जरिए मैसेज में क्यों नहीं भेज सकते? यह बेहद स्वाभाविक है।
बाजार में पहले से इस तरह के ऐप मौजूद हैं, जैसे ‘ला-ला’ और ‘रिदम’। हालांकि ‘ला-ला’ जहां पूरा गाना भेजता है वहीं ‘रिदम’ अपने उपभोक्ताओं से कई गतिविधियों के लिए कीमत वसूलता है। लेकिन एमएसटीवाय एप तस्वीरों और लिखित संदेशों को गाने के क्लिप के साथ भेजने की सुविधा देता है। एमएसटीवाय ने यूनिवर्सल, सोनी और वॉर्नर ब्रदर्स के साथ करार किया है, जिससे इसे 2.2 करोड़ गानों के इस्तेमाल का कानूनी अधिकार मिल जाएगा। एमएसटीवाय ऐप को एप्पल म्यूजिक के साथ भी इंटीग्रेट किया गया है। उपभोक्ता जिस गाने को चुनते हैं उस पर क्लिक कर उसे एप्पल म्यूजिक एलबम में शामिल कर सकते हैं, जहां वे उस गाने को स्ट्रीम कर सकते हैं या खरीद सकते हैं।

असम में बाढ़ के हालात, 7 जिलों के लाखों लोग प्रभावित, फसलें भी बर्बाद

गुवाहाटी : भारी बारिश के चलते असम के कई इलाकों में बाढ़ के हालात बने हुए है। असम के करीब 7 जिलों के 2 लाख से ज़्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए है। असम में बाढ़ से प्रभावित धेमाजी, कोकराझाड़, लखीमपुर, चिरांग, बंगाईगांव, तिनसुकिया और डिब्रुगढ़ जिले में बहने वाली सभी नदियां अपने खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बाढ़ से सबसे ज़्यादा नुकसान असम के कोकराझाड़ में हुआ है। कोकराझाड़ के करीब 87 गांव बाढ़ के पानी में डूबे हुए है और वहां से लोगों को निकालकर राहत कैंपों तक लाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक करीब 12 हज़ार एकड़ से ज़्यादा फसल बाढ़ से बर्बाद हो गई है।

दरअसल, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने भी बीते दिनों जानकारी देते हुए बताया था कि हिमालय की तराई के क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश होगी। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा बुलाई गई उच्चस्तरीय बैठक के बाद उन्‍होंने कहा, बारिश के कारण कोसी, गंडक, घाघरा सहित गंगा और ब्रह्मपुत्र की सहायक नदियों के जलस्तर में वृद्धि होगी। इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, असम और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है।